Friday ,October 18, 2024
होमदेश-दुनियाएक्शन में सोनिया गांधी, 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष से मांगा इस्तीफा, यूपी में कांग्रेस की करारी हार...

एक्शन में सोनिया गांधी, 5 राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष से मांगा इस्तीफा, यूपी में कांग्रेस की करारी हार

 Newsbaji  |  Mar 15, 2022 08:24 PM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

दिल्ली, 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में हुई करारी हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी एक्शन में आ गई है, और राज्य के पार्टी प्रमुखों को इस्तीफा देने के निर्देश दे दिए हैं। यह जानकारी पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार ट्वीट कर दी है। पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा है कि वे पीसीसी के पुनर्गठन के लिए अपना इस्तीफा दें।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में मिली करारी हार की समीक्षा के लिए कांग्रेस महासचिव और यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में एक बैठक कर रही हैं। राजनीति में शामिल होने के तुरंत बाद प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बना दिया गया था और उन्हें यूपी में पार्टी के स्तर को ऊपर उठाने का काम सौंपा गया था। प्रियंका के यूपी में चलाए गए हाई वोल्टेज अभियान “लड़की हूं लड़ सकती हूं” के बावजूद, चार साल के बाद, पार्टी राज्य में महज दो सीटों पर ही सिमट कर रह गई। 2017 में कांग्रेस को 7 सीटें जीतने में सफलता मिली थी। वहीं 2 सीटों के साथ ही पार्टी का वोट शेयर घटकर केवल 2.5 प्रतिशत ही रह गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की प्रभारी कांग्रेस महासचिव दिल्ली के गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित पार्टी के वॉर रूम में पार्टी के शीर्ष राज्य के नेताओं के साथ एक बैठक कर रही हैं। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के दो दिन बाद हो रही है। रविवार को पांच राज्यों की हार की समीक्षा करने के लिए हुई कार्यसमिति की बैठक में प्रियंका ने अपनी रिपोर्ट पेश की थी।
सोनिया ने कार्यसमिति के सामने की थी इस्तीफे की पेशकश
बैठक में उनकी मां और पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने करारी हार को देखते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी। हालांकि उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया गया और संसद के चालू बजट सत्र के बाद पार्टी के आंतरिक चुनावों की तैयारी करने का निर्णय लिया गया है।
करीब 34 सालों से यूपी में कांग्रेस है बाहर
कांग्रेस पार्टी साल 1989 के बाद से उत्तर प्रदेश में सत्ता में वापसी नहीं कर सकी है। और सालों से यह राज्य में लगातार अपनी राजनीतिक जमीन खोती जा रही है। 2019 के लोकसभा आम चुनावों में, राहुल गांधी अपने पारिवारिक गढ़ अमेठी में भाजपा की स्मृति ईरानी से हार गए थे।
कांग्रेस अपना गढ़ भी बचा नहीं पाई
सोनिया गांधी की पारंपरिक सीट रायबरेली के अलावा अमेठी कांग्रेस के अंतिम दो गढ़ों में से एक माना जाता था। बावजूद पार्टी इन दो सीटों के तहत आने वाले 10 विधानसभा क्षेत्रों के तहत एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हो पाई है। कांग्रेस ने यूपी चुनाव में जो दो सीट जीती हैं। उनमें प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट शामिल है, जो कांग्रेस का अजेय दुर्ग रही है। यहां से कांग्रेस की आराधना मिश्रा मोना ने जीत दर्ज की है। वहीं महाराजगंज की फरेंदा विधानसभा सीट से बेहद कांटे के मुकाबले में कांग्रेस के वीरेंद्र चौधरी ने बीजेपी के बजरंग बहादुर को मात्र 1,246 वोटों से परास्‍त कर पाए।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft