दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13 हजार 500 करोड़ रुपए के मेगा लोन फ्रॉड में वांछित हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी CBI की अपील पर शनिवार, 12 अप्रैल 2025 को की गई है। गिरफ्तारी के बाद 65 वर्षीय चोकसी को जेल में रखा गया है और भारत ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, चोकसी जो वर्ष 2018 में अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ भारत से फरार हो गया था, एंटवर्प, बेल्जियम में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था। प्रीति के पास बेल्जियम की नागरिकता है, जबकि रिपोर्ट्स के अनुसार, मेहुल के पास 'एफ रेजीडेंसी कार्ड' है, जो उसे बेल्जियम में अस्थायी निवास की सुविधा देता है। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में इलाज के बहाने एंटीगुआ से बेल्जियम आया था।
बेल्जियम पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के वक्त मुंबई की एक अदालत द्वारा जारी दो गिरफ्तारी वारंटों का हवाला दिया। ये वारंट 23 मई 2018 और 15 जून 2021 को जारी किए गए थे। ऐसे में बेल्जियम में उसकी गिरफ्तारी भारत की न्यायिक प्रक्रिया के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा सकती है।
हालांकि, चोकसी की ओर से स्वास्थ्य कारणों और अन्य निजी आधारों पर जमानत और तत्काल रिहाई की मांग की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले भी वह कई बार अपने खराब स्वास्थ्य और मानवाधिकारों का हवाला देकर भारत प्रत्यर्पण से बचता आया है।
देश का सबसे बड़ा बैंकिंग घोटाला
करीब 13,500 करोड़ रुपए के इस फ्रॉड को भारत के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा बैंक घोटाला माना जाता है। इस घोटाले की जांच CBI और ED कर रही हैं। मामले में मेहुल चोकसी के भतीजे नीरव मोदी भी आरोपी हैं, जो इस वक्त लंदन में छिपा हुआ है और भारत उसका प्रत्यर्पण करवाने की कोशिश कर रहा है।
जानिए कब और कैसे भागा था ठग
वर्ष 2018 में, जब पीएनबी घोटाले की परतें खुलनी शुरू हुई थीं, उससे कुछ दिन पहले ही मेहुल चोकसी और नीरव मोदी देश छोड़कर भाग गए थे। चोकसी ने 2017 में एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। साल 2021 में, जब वह क्यूबा जाने की कोशिश कर रहा था, उसे डोमिनिका में पकड़ा गया था। उस दौरान भी उसने कहा था कि यह सब राजनीतिक साजिश है और ED ने अवैध रूप से उसकी संपत्तियों को जब्त किया हैं।
भारतीय जांच एजेंसियां, देश के किन 5 बड़े भगोड़े बिजनेसमैन का कर रही इंतजार
डीएम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, सूचना से मचा हड़कंप, पढ़िए पूरा मामला
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft