Friday ,October 18, 2024
होमदेश-दुनियाUP में बेबस लड़की रो-रो कर लगा रही गुहार, मंत्री जी- हमारी शादी टूटने से बचा लीजिए, जानिए क्या है पूरा मामला?...

UP में बेबस लड़की रो-रो कर लगा रही गुहार, मंत्री जी- हमारी शादी टूटने से बचा लीजिए, जानिए क्या है पूरा मामला?

 Newsbaji  |  May 08, 2022 09:23 PM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दहेज की रकम और गाड़ी की डिमांड पूरी नहीं होने पर दूल्हे ने दो दिन पहले ही शादी करने से साफ इंकार कर दिया है। आलम यह है कि, लड़की के घर वालों ने शादी को लेकर सारी तैयारियां कर ली हैं, कार्ड बट गए हैं और मेहमानों का घर आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। ऐसे में शादी से ठीक 2 दिन पहले लड़के के इंकार से लड़की और उसके घर वालों पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है। हालात ऐसे बन गए है कि लड़की दर-दर की ठोकरें खाकर मदद की गुहार लगा रही है। अपनी शादी करवाने को लेकर लोगों से मिन्नतें कर रही है।

यह शादी का कार्ड है, जो छप व बट चुके है।

मंत्री से मिला आश्वासन
पीड़ित लड़की बाराबंकी पहुंचे योगी सरकार में कारागार एवं होमगार्ड राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति से मिलकर पूरी आप बीती बताई। जब वो अपनी समस्या को बता रही थी, उसी दौरान मंत्री के सामने फूट-फूट कर रोने लगी। पीड़ित लड़की ने मंत्री से उसकी शादी करवाने की गुहार लगाई। मंत्री ने लड़की की सारी बातों को सुनकर उसे मदद का पूरा आश्वासन दिया है।

यह है पूरा मामला
नगर कोतवाली बाराबंकी क्षेत्र के ग्रीडगंज और गांधीनगर मोहल्ले का मामला है। ग्रीडगंज की एक लड़की की शादी गांधीनगर के लड़के सोनू यादव से तय हुई थी। लड़की का कहना है कि सोनू यादव अपनी मां के साथ उसके घर पर उसे देखने आया था। उसके बाद शादी को लेकर सारी बात तय हुई। सारी बातें होने के बाद शादी की तारीख तय हुई और कार्ड छपवाए गए। लड़की ने बताया कि उसकी शादी के कार्ड सारे रिश्तेदारों और मोहल्ले में बट चुके हैं। लेकिन अब शादी से ठीक 2 दिन पहले लड़का शादी से मना कर रहा है। लड़की के घर पर मेहमानों के आने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है। ऐसे में शादी से ठीक 2 दिन पहले लड़के के इंकार से लड़की और उसके घर वालों पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है।

लड़का मांग रहा है दहेज में कैश और गाड़ी
लड़की ने आरोप लगाया कि लड़का और उसके घर वाले दहेज में चार लाख रुपए और गाड़ी की डिमांड कर रहे हैं। लेकिन हम लोग दहेज दे पाने की स्थिति में नहीं है। लड़की ने बताया कि पहले शादी को लेकर हुई बातचीत में दहेज की कोई डिमांड उन लोगों ने नहीं की थी। अब अचानक दहेज की डिमांड करके वह लोग शादी करने से मना कर रहे हैं। पीड़ित लड़की ने योगी सरकार में राज्य मंत्री धर्मवीर प्रजापति से मिलकर शादी करवाने की गुहार लगाई है। जिस पर मंत्री ने लड़की को आश्वासन दिया है कि वह उसकी मदद कराने को लेकर आला अधिकारीयों को निर्देश दे चुके हैं।

अधिकारियों को निर्देश जारी-मंत्री
वहीं, इस पूरे मामले पर राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि लड़की उनसे मिलने आई थी। उन्होंने उसे बैठा कर पूरा मामला जान लिया है। मंत्री ने बताया कि लड़की उसी लड़के से शादी करना चाहती है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं कि इस लड़की की पूरी मदद की जाए। मंत्री ने लड़की को समझाने की भी कोशिश की, कि जो लोग शादी से पहले दहेज को लेकर उसे परेशान कर रहे हैं। वह लोग बाद में भी उसे प्रताड़ित कर सकते हैं। ऐसे में वह अपने भविष्य को लेकर एक बार फिर इस शादी के फैसले पर विचार करे। जिसके बाद भी लड़की ने मंत्री से कहा कि वह सब कुछ सोच समझकर इस शादी का फैसला कर चुकी है और वह उसी लड़के से शादी करना चाहती है। इसके बाद मंत्री ने उसे आश्वासन दिया कि उसकी पूरी मदद की जाएगी।

(बाराबंकी से अनिरुद्ध शुक्ला का इनपुट)

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft