Friday ,October 18, 2024
होमदेश-दुनियाUP में कांग्रेस का बुरा हाल, संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज, प्रदेश अध्यक्ष की तलाश भी जारी...

UP में कांग्रेस का बुरा हाल, संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज, प्रदेश अध्यक्ष की तलाश भी जारी

 Newsbaji  |  May 02, 2022 10:38 AM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 04:14 PM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद अब होश आया है। वहां कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे कदम बढ़ाने शुरु किए है। बताया जा रहा है कि पार्टी यूपी में प्रदेश अध्‍यक्ष पद के लिए दलित या फिर ब्राह्मण चेहरे की तलाश कर रही है। इसके अलावा पार्टी के अंदर कई अन्य विकल्पों पर भी चर्चा चल रही है। दरअसल, यूपी की 403 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस केवल दो सीटें ही जीत पायी है बाकी पर उसका खाता तक नहीं खुला।

प्रदेश में कांग्रेस केवल 02 फीसदी ही वोट मिलें
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के पास सीमित विकल्प हैं। दलित चेहरे की यदि बात करें तो पी.एल पुनिया भी एक चेहरा हैं जो मौजूदा समय में छत्तीसगढ़ के प्रभारी हैं। वहीं ब्राह्मण चेहरे में प्रमोद तिवारी का नाम सबसे ऊपर है। हालांकि उनकी बेटी आराधना मिश्रा विधायक दल की नेता भी हैं। मालूम हो कि हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को करारी हार हुई थी और उसको मात्र 02 प्रतिशत ही वोट मिले थे।

कांग्रेस अल्पसंख्यक चेहरे पर लगा सकती है दांव
दरअसल, कांग्रेस पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव-2024 को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को मजबूत करने की कोशिश में है और चुनाव के लिए कांग्रेस खुद को भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़ा करना चाह रही है। कांग्रेस वहां कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति भी करेगी। प्रदेश अध्यक्ष के लिए कांग्रेस सूत्रों की मानें तो इसमें से एक चेहरा अल्पसंख्यक समुदाय से भी हो सकता है। बता दे हाल ही में कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने सीतापुर जेल में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात कर इसे और हवा दे दी है। बहरहाल कांग्रेस हाई कमान बखूबी इस बात को जानती होगी कि अगर यूपी में कांग्रेस का काडर कमजोर होगा तो उनको सत्ता तक पहुंचने में काफी परेशानी होगी। लिहाजा इस बात को ध्यान में रकते हुए कांग्रेस अपने संगठन को वहां मजबूत करने में जुट गई है।

बताया जाता है कि, प्रमोद कृष्णन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी माने जाते हैं। विधानसभा चुनाव में हार के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने अपना इस्तीफा दे दिया था। इस इस्‍तीफे को एक महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। पार्टी संगठन सचिव अनिल यादव का कहना है कि यूपीसीसी प्रमुख की गैरमौजूदगी में पार्टी के कामकाज को देखने के लिए एक वरिष्ठ महासचिव दिनेश सिंह को लगाया गया है।

सुरेन्द्र सिंह

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft