Saturday ,October 19, 2024
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने दिया इस्तीफा, पूर्व CM बोले- मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच भारी मतभेद हैं...

छत्तीसगढ़ में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री ने दिया इस्तीफा, पूर्व CM बोले- मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच भारी मतभेद हैं

 Newsbaji  |  Jul 17, 2022 07:22 AM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल आ गया है। यहां के वरिष्ठ नेता और मंत्री टीएस सिंहदेव ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री पद की जिम्मेदारी छोड़ दी है। उन्होंने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री को भेज दिया है। सिंहदेव स्वास्थ्य और अन्य विभाग में मंत्री की जिम्मेदारी पर बने रहने की बात पत्र में लिखी है।

स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मुख्यमंत्री को लिखे अपने इस्तीफे में स्पष्ट कर दिया है कि वो कितने दिनों से इनके हिसाब से चीजे नहीं हो रही थी। अब सिंहदेव के इस फैसले से सरकार के अंदर चल रही खींचतान सड़क पर आ गई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यह इस्तीफा स्वीकार करते हैं अथवा नहीं यह तो बाद की बात है लेकिन इस्तीफे से सरकार और संगठन में भूचाल मच गया है।

बता दे कि, टीएस सिंहदेव ने अपना इस्तीफा अपने विधानसभा क्षेत्र अंबिकापुर से भेजा है। टीएस सिंहदेव कांग्रेस सरकार के आधार स्तंभों में से हैं। 17 दिसम्बर 2018 को उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ ही मंत्री पद की शपथ ली थी। उस दिन मुख्यमंत्री ने केवल दो मंत्रियों टीएस सिंहदेव और ताम्रध्वज साहू के साथ कैबिनेट का गठन कर सरकार की औपचारिक शुरुआत की थी। बाद में टीएस सिंहदेव के पोर्टफोलियो में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वाणिज्यिक कर (GST) और 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग को शामिल किया गया था।

विधानसभा सत्र में नहीं हुए थे शामिल
साल 2021 में विधानसभा के मानसून सत्र से ठीक पहले कांग्रेस सरकार में बवाल मचा था। रामानुजगंज से विधायक बृहस्पत सिंह ने प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया कि सिंहदेव उनको मारना चाहते हैं। उनके साथ 18 विधायक और भी थे। अगले दिन सत्र शुरू हुआ और विधानसभा में बवाल हो गया था। इस आरोप से परेशान टीएस सिंहदेव ने सरकार की ओर से सफाई आने तक सदन में आने से इन्कार कर दिया था। बाद में बृहस्पत सिंह ने अपने बयानों के लिए सदन में माफी मांगी। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने सरकार की ओर से बयान दिया कि सिंहदेव पर लगाए गए आरोप निराधार हैं।

मंत्री के इस्तीफे के बाद विपक्ष हमलावर
मंत्री टीएस सिंहदेव के इस्तीफे के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने तो अपना फोन ही बंद कर दिया है। वहीं भाजपा ने इसे मौके के रूप में लपक लिया है। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा, टीएस सिंहदेव जी ने अपने एक मंत्रालय से इस्तीफा किन कारणों से दिया है वो सब जानते हैं। इससे तो साफ है कि कांग्रेस के भीतरखाने कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, मुख्यमंत्री को स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी स्थिति क्यों बन रही है।

https://twitter.com/drramansingh/status/1548324590228688901?s=20&t=TXobll7PdNKUUthXaDIOnw
पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने साधा निशाना।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री डा0 रमन सिंह ने ट्वीट कर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि, टीएस सिंहदेव के इस्तीफे से यह बात साफ हो गई है कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच भारी मतभेद हैं। भूपेश सरकार में मंत्रियों के पास कोई अधिकार नहीं है, अभी तो एक ने इस्तीफा दिया है। सब मंत्रियों-विधायकों के मन में भी भारी आक्रोश है, देखना बड़ा विस्फोट होगा।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft