Friday ,October 18, 2024
होमछत्तीसगढ़खैरागढ़ का चुनावी अखाड़ा, एक तरफ कका तो दूसरी तरफ मामा, दोनों दलों के बीच 36 का आंकड़ा...

खैरागढ़ का चुनावी अखाड़ा, एक तरफ कका तो दूसरी तरफ मामा, दोनों दलों के बीच 36 का आंकड़ा

 Newsbaji  |  Apr 09, 2022 12:08 AM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

छत्तीसगढ़. खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में वहां की जनता पहली बार चुनावी तपिश के तेज को महसूस कर रही है। इसमें हार-जीत से सरकार के समीकरण नहीं बदलने वाले है। लेकिन आम चुनाव से ठीक एक साल पहले हो रहे इस उपचुनाव से राजनीतिक फिजा बदलने की पूरी उम्मीद नेताओं को महसूस हो रही है। इसी का असर है कि जीत सुनिश्चित करने के लिए सूबे के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल यहां की चौहद्दी को नाप रहे है। उनके मंत्रियों की फौज हर बूथों तक पहुंच रही हैं। वहीं भाजपा की ओर से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री डा0 रमन सिंह, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते जैसे दिग्गज नेता भरी दोपहरिया में घर-घर लोगों से वोट मांग रहे है।

सत्ताधारी कांग्रेस ने बनाया कैंप
जैसे ही आप खैरागढ़ विधानसभा की सीमा में घुसते हैं। तभी विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के झंडे गांवों की गलियों में दिखने लगते हैं। पुलिस ने एक चेकपोस्ट भी बना रखा है। इसके अलावा मुख्य सड़क पर ऐसा कुछ नहीं दिखता जिसे असामान्य कहा जा सके। खैरागढ़ कस्बे में लोगों का कामकाज सामान्य है। लेकिन यहां असामान्य रूप से बड़ी-बड़ी गाड़ियों की भीड़ बढ़ गई है। राजनीतिक दलों के प्रदेश स्तरीय सभी बड़े नेता इस समय खैरागढ़ में डेरा जमाए हुए हैं। सत्ताधारी कांग्रेस ने एक होटल को ही पार्टी का केंद्रीय कार्यालय बना रखा है। उनके पदाधिकारी और कार्यकर्ता के लिए वहां ठहरने की सारी सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है।

कांग्रेस पार्टी ने खैरागढ़ चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किया।

सूबे में 15 सालों तक राज करने वाली भाजपा ने भी वहीं 100 मीटर की दूरी पर कार्यालय बनाया है। यह दो हिस्सों में है। पहला केंद्रीय कार्यालय हैं। यहां भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और चुनाव अभियान के प्रभारी खूबचंद पारख कुछ कार्यकर्ताओं के साथ बैठे हैं। उसके ठीक सामने की गली में एक और कार्यालय है। यहां पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल मोर्चे पर हैं। रायपुर से गई अपनी पूरी टीम के साथ। उनकी मेज पर मतदाता सूची से लेकर बूथवार संगठन कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का विवरण है। तेजी से निर्देश जारी हो रहे हैं।

प्रदेश में हो रहे चौथे उपचुनाव को जीतने के लिए भाजपा ताकत लगा रही है।

कांग्रेस ने झोंक दी पूरी ताकत
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले तीन दिनों से लगातार खैरागढ़ में जनसभाएं कर रहे हैं। गुरुवार को करीब 9-10 किमी के दायरे में उनकी तीन जनसभाएं हुईं थी। सबसे पहली सभा छुईखदान जाने वाली मुख्य सड़क पर पिपरिया में हुई। कांग्रेस के आधा दर्जन मंत्री, करीब 25 विधायक और बड़ी संख्या में पदाधिकारी यहां पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री किसानों के लिए अपने काम गिनाते हैं। नए वादे दोहराए जाते हैं और तेजी से सभा खत्म कर अगले ठिकाने के लिए काफिला निकल पड़ता है।

केंद्रीय मंत्रियों की सभाएं
केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल तीन दिनों से खैरागढ़ में जमे रहे। वहीं केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते भी खैरागढ़ का मोर्चा संभाले हुए है। राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय के साथ भाजपा ने प्रहलाद पटेल को लोधी बहुल इलाकों में उतारा है। भाजपा की रणनीति नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क के जरिए पैठ बनाने की है। उनका फोकस खैरागढ़ जनपद के ग्रामीण इलाकों पर ज्य़ाया है। यहां उन्होंने विजलदेही और जालबांधा में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया है। केंद्रीय मंत्री भोरमपुर कला गांव में जनसंपर्क के लिए भी पहुंचे। उन्होंने घर-घर जाकर भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगा।

मध्य प्रदेश के सीएम बेलो- "छत्तीसगढ़ मेरे कलेजे का टुकड़ा"
छत्‍तीसगढ़ के खैरागढ़ उपचुनाव में जनसभा संबोधित करने साल्हेहारा पहुंचे मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्‍होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा, नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 12 लाख मकान स्वीकृत किए, लेकिन भूपेश जी ने उसे वापस कर दिया। उन्‍होंने कहा, मैं मध्यप्रदेश के बच्चों का मामा हूं, तो छत्तीसगढ़ के बच्चों का भी मामा ही हुआ। छत्तीसगढ़ मेरे कलेजे का टुकड़ा है। छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया होते हैं, लेकिन भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ को तबाह और बर्बाद कर दिया है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान चुनावी सभा को संबोधित कर रहे है। मंच पर भाजपा के नेता मौदूद रहे।

मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, शिक्षकों, पुलिसकर्मियों की भर्ती डाक्‍टर रमन सिंह ने की थी। साढ़े तीन साल हो गए, क्या भूपेश बघेल ने किसी युवा को नौकरी दी? भूपेश जी ने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता व बुजुर्गों को पेंशन का वादा किया था, एक धेला किसी को नहीं दिया।

बता दें कि खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव का मतदान 12 अप्रैल को होना है, जबकि 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे। ऐसे में कांग्रेस ने यशोदा वर्मा, भाजपा ने कोमल जंघेल को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जे (JCCJ) ने नरेंद्र सोनी को उम्मीदवार बनाया है। खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। सभी राजनीतिक पार्टियां प्रचार के दौरान एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft