Friday ,October 18, 2024
होमछत्तीसगढ़खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव, भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर, क्या कांग्रेस होगी 70 पार?जोगी कांग्रेस भी मैदान में...

खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव, भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर, क्या कांग्रेस होगी 70 पार?जोगी कांग्रेस भी मैदान में

 Newsbaji  |  Mar 23, 2022 01:20 PM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

छत्तीसगढ़. भारतीय जनता पार्टी ने खैरागढ़ विधानसभा उप चुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति ने उप चुनाव के लिए पूर्व विधायक कोमल जंघेल के नाम पर मुहर लगाई है। कोमल पहले भी दो बार खैरागढ़ के विधायक रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में वे महज 870 वोटों के अंतर से हार गए थे।


भाजपा में थे 10 दावेदार
प्रदेश चुनाव समिति की पिछले सप्ताह हुई बैठक में 10 दावेदारों के नामों पर चर्चा हुई थी। इस दौरान एक-एक दावेदार की सामाजिक-राजनैतिक पृष्ठभूमि पर बात हुई थी। इस पर जोर सामाजिक समीकरण और जीत की संभावना पर ही था। अंत में तीन नामों का एक पैनल बनाया गया। इसमें पूर्व विधायक कोमल जंघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह और डोमेश्वरी जंघेल का नाम था। प्रदेश भाजपा ने इन्हीं तीन नामों को दिल्ली भेजा। बताया जा रहा है कि, जातीय समीकरण को देखते हुए कोमल जंघेल के नाम की संभावना ही अधिक दिख रही थी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने बुधवार को कोमल जंघेल को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा कर दी। कोमल बुधवार को ही नामांकन पत्र का एक सेट जमा कर देंगे। और 24 मार्च को उनकी नामांकन रैली निकाली जाएगी। उसमें प्रदेश भाजपा के सभी प्रमुख नेता शामिल होगे।


भाजपा को उम्मीद, कोमल खिलाएंगे कमल
साल 2018 में विधानसभा चुनाव में जोगी कांग्रेस के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा के कोमल जंघेल को मात्र 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है। 2013 में कांग्रेस के गिरवर जंघेल यहां से विधायक थे। 2007 के उपचुनाव और 2008 के आम चुनाव में भाजपा के कोमल जंघेल ने यह सीट जीती थी।


भाजपा को हल ओैर महल के नारे पर एक बार मिल चुकी है जीत
जानकार बताते है कि, खैरागढ़ विधानसभा में साल 2006 के उप चुनाव में जब भाजपा ने कोमल जंघेल को पहली बार टिकट दिया था। तब उन्हें किसान का बेटा बताकर हल के विरूद्ध महल का नारा उठाया था। कांग्रेस ने खैरागढ़ राजपरिवार से पद्मा सिंह को प्रत्याशी बनाया था। इस कारण हल ओैर महल का नारा पूरे चुनाव प्रचार अभियान में प्रमुखता से गूंजा था। भाजपा को जीत के रूप में इसका फायदा भी मिला था। हालांकि इस बार कांग्रेस पार्टी की यशोदा वर्मा उनके सामने है जो खुद किसान परिवार से ही हैं तो ऐसे में खैरागढ़ में रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।


कांग्रेस का चेहरा है यशोदा वर्मा
विधानसभा उप चुनाव के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को ही पार्टी उम्मीदवार की घोषणा कर दी थी। वहां से खैरागढ़ ब्लॉक कांग्रेस की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को टिकट दिया है। यशोदा वर्मा लोधी समाज की पदाधिकारी भी हैं। वे राजनांदगांव जिला पंचायत की सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य और सरपंच रह चुकी हैं।


जोगी कांग्रेस ने भी उम्मीदवार की घोषणा
खैरागढ़ उपचुनाव में प्रत्याशी को लेकर जोगी कांग्रेस ने भी बुधवार को उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। पार्टी ने अधिवक्ता नरेंद्र सोनी को टिकट दिया है। अब पार्टी उनके चेहरे पर चुनाव लड़ेगी।

24 मार्च तक नामांकन, 12 अप्रैल को मतदान 16 को नतीजा
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उप चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशियों को अपने नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। खैरागढ़ सीट पर मतदान 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को मतगणना और परिणाम जारी होंगे।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft