Friday ,October 18, 2024
होमछत्तीसगढ़कांग्रेस में 24 दावेदार समेत देवव्रत की पहली पत्नी पद्मा का नाम, देर शाम हुई कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक...

कांग्रेस में 24 दावेदार समेत देवव्रत की पहली पत्नी पद्मा का नाम, देर शाम हुई कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक

 Newsbaji  |  Mar 16, 2022 10:15 AM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:18 AM

छत्तीसगढ़, राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक मंगलवार को देर रात तक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, पीसीसी चीफ मोहन मरकाम सहित चुनाव समिति के 19 सदस्यों ने एक-एक नाम पर विचार किया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि करीब 24 दावेदार सामने आए हैं। उन सभी के नामों पर विचार किया जा रहा है। वहीं चुनाव समिति के सदस्यों की मानें तो देवव्रत सिंह की पहली पत्नी पद्मा सिंह ने भी अपनी दावेदारी पेश की है।
कांग्रेस की तरफ से 24 दावेदार आए सामने
खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए पहली चुनाव समिति की बैठक मंगलवार देर शाम को हुई। चुनाव समिति के सामने 24 दावेदारो के नाम का पैंनल तैयार कर लिया है। बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के अंदर चुनाव समिति की दूसरी बैठक होगी। उसमें तीन नाम के पैनल को अंतिम रूप दिया जाएगा। पार्टी उम्मीदवारों के चयन के लिए सर्वे भी करा रही है। जिन दावेदारों के नाम सामने आए हैं। उनका परफार्मेंस आंकने के लिए सर्वे किया जाएगा। नाम तय होने के बाद पैनल को हाई कमान को भेजा जाएगा। जिसके बाद उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि चुनाव की रणनीति उम्मीदवार के चयन सहित अन्य सभी विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को आगे करके चुनाव लड़ेगी। दावेदारों में कुछ नाम बहुत मजबूत हैं, जो चुनाव जीतने की क्षमता रखते हैं।
भाजपा को जिताऊ उम्मीदार की तलाश
वहीं भाजपा ने जिताऊ उम्मीदवार की तलाश को तेज कर दिया है। भाजपा ने इसके लिए पर्यवेक्षक समिति बनाई है। इसमें विधायक शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल साहू और पूर्व मंत्री केदार कश्यप को रखा गया है। समिति के सदस्य सोमवार को खैरागढ़ गए थे। वहां उन्होंने स्थानीय नेताओं-कार्यकर्ताओं से शुरुआती बातचीत कर दावेदारों के नामों को टटोलने का काम किय़ा हैं।
होली के बाद भाजपा का मंथन
भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता ने बताया, फिलहाल क्षेत्र में विभिन्न तरीकों से संवाद का काम चल रहा है। पार्टी का आंतरिक सर्वे भी हो चुका है। अभी बहुत जल्दी नहीं है। फिलहाल जल्द ही चुनाव समिति घोषित होगी। होली के बाद बैठकर उम्मीदवार के नाम पर फैसला ले लिया जाएगा। उम्मीदवार की घोषणा राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से ही होना है। लेकिन नामों का पैनल यहीं से बनकर जाएगा।
जोगी कांग्रेस नया जिला बनाने का मुद्दा उठाएगी
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली है। जिसमें यह तय हुआ कि उप चुनाव में पार्टी खैरागढ़ को अलग जिला घोषित करने की मांग को लेकर मैदान में उतरेगी। इस एक एजेंडे को प्रमुखता से लेकर पार्टी जनता के बीच जाने की तैयारी में है। अमित जोगी ने बताया कि खैरागढ़ की स्थानीय इकाई से दावेदारों के नाम मांगे गए हैं। वह नाम आ जाएंगे तो संसदीय बोर्ड चर्चा कर किसी एक को उम्मीदवार घोषित कर दिया जाएगा।
टिकट दावेदारों के नामों की चर्चा
कांग्रेस और भाजपा दोनों में पूर्व विधायकों गिरवर जंघेल और कोमल जंघेल को ही टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। कांग्रेस से गिरवर जंघेल के अलावा उत्तम सिंह, शैलेंद्र वर्मा जैसे नाम भी चर्चा में हैं। वहीं भाजपा में पूर्व विधायक कोमल जंघेल के साथ विक्रांत सिंह का नाम आ रहा है।
उप चुनाव की प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक उप चुनाव के लिए नामांकन 17 मार्च को अधिसूचना के प्रकाशन से शुरू हो जाएंगे। नामांकन की आखिरी तारीख 24 मार्च निर्धारित की गई है। 25 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 28 मार्च तक प्रत्याशियों को अपने नाम वापस लेने का मौका दिया जाएगा। उसके बाद वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिया जाएगा। खैरागढ़ सीट पर वोटिंग 12 अप्रैल को होना है। 16 अप्रैल को काउटिंग होगी।
खैरागढ़ सीट का राजनीतिक इतिहास
साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के देवव्रत सिंह ने इस सीट पर भाजपा के कोमल जंघेल को केवल 870 वोटों के अंतर से हराया था। नवम्बर 2021 में देवव्रत सिंह का निधन हो गया। इसके बाद से यह सीट खाली है। 2013 में कांग्रेस के गिरवर जंघेल यहां से विधायक थे। 2007 के उपचुनाव और 2008 के आम चुनाव में भाजपा के कोमल जंघेल ने यह सीट जीती। इससे पहले कांग्रेस के देवव्रत सिंह यहां से विधायक हुआ करते थे।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft