रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के उस बयान पर सियासत गरम हो गई है, जिसमें उन्होंने प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा को आइटम गर्ल कहा था। रविवार को अपने आवास पर मीडिया से चर्चा में मंत्री लखमा ने चंद्राकर के उस बयान को आदिवासी समाज का अपमान बताया। अजय चंद्राकर ने उनके लिए आइटम गर्ल शब्द प्रयोग कर उनका ही नहीं, बस्तर के आदिवासी समाज का अपमान किया है। उन्होंने कहा है कि उनकी भावना और आत्मसम्मान को काफी ठेस पहुंची है।
मंत्री लखमा ने भाजपा से सवाल किया कि क्या वह अजय चंद्राकर के बयान से सहमत हैं। क्या पूर्व सीएम रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक अपने विधायक के इस बयान से सहमत हैं। अगर नहीं हैं तो भाजपा बताए कि वह क्या कार्रवाई कर रही है। वहीं आदिवासी समाज ने नाराजगी व्यक्त करते हुए चंद्राकर के खिलाफ पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
कवासी लखमा के साथ अंतागढ़ विधायक अनूप नाग और केशकाल विधायक संतराम नेताम भी मौजूद रहे। लखमा ने कहा कि अजय चंद्राकर को अपने अशोभनीय बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चंद्राकर का बयान आने के बाद उनको बस्तर के तमाम समाज प्रमुखों का फोन आ रहा है। लोग इसे अपमानजनक बताकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। चंद्राकर माफी नहीं मांगते हैं तो आदिवासी समाज सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ने को तैयार है।
आदिवासी विधायक नाराज
कांग्रेस विधायक अनूप नाग ने कहा कि, अजय चंद्राकर पूर्व मंत्री हैं, क्या उनको पता है कि आइटम गर्ल किसे कहते हैं। उन्हें लोग बुद्धिजीवी मानते हैं। लेकिन जिस तरह का बयान दिया, वह अशोभनीय और आपत्तिजनक है। उनके इस बयान से आदिवासी समाज उद्वेलित है। प्रदेश स्तर पर इसका विरोध होगा और चंद्राकर का पुतला दहन किया जाएगा। विधायक संतराम नेताम ने कहा कि कवासी लखमा पांच बार के विधायक हैं। उनका व्यवहार सदैव दोस्ताना और सहयोग करने वाला रहा है।
यहां से शुरु हुआ विवाद
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने खाद संकट पर प्रदर्शन किया। इस पर मंत्री लखमा ने कहा कि उनको दिल्ली में प्रदर्शन करना चाहिए। मीडिया ने लखमा के बयान पर जब चंद्राकर से प्रतिक्रिया ली तो उन्होंने कहा कि वे लखमा की बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं। लखमा कांग्रेस मंत्रिमंडल के आइटम गर्ल हैं। वहीं अब भाजपा विधायक ने एनडीए की राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवार को लेकर नया ट्वीट किया है।
सपा ने बसपा के साथ किया विश्वासघात, अखिलेश को माफ नहीं किया जा सकता, मायावती ने तोड़ी चुप्पी
IPS अधिकारियों के ट्रांसफऱ, 9 जिलों के SP बदले गए, 20 अफसरों को नए प्रभार
हेलमेट बैंक की शुरुआत जल्द, एक रूपए में मिलेगा हेलमेट, बस दिखाना होगा आधार कार्ड
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft