Sunday ,October 20, 2024
होमछत्तीसगढ़भानुप्रतापपुर उपचुनाव, भाजपा ने ब्रह्मानंद नेताम को दोबारा दिया टिकट, आदिवासी इलाकों में अच्छी दखल...

भानुप्रतापपुर उपचुनाव, भाजपा ने ब्रह्मानंद नेताम को दोबारा दिया टिकट, आदिवासी इलाकों में अच्छी दखल

 Newsbaji  |  Nov 15, 2022 01:26 PM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:19 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति की तरफ से नामों को घोषित किया गया है। ब्रह्मानंद नेताम पर पार्टी ने भरोसा जताया है। और इन्हें दोबारा टिकट दिया है।

बता दे कि, ब्रम्हानंद नेताम भानुप्रतापपुर से साल 2008 में विधायक रह चुके हैं। कांग्रेस पार्टी के मनोज मंडावी को एक बार हरा भी चुके हैं। इनका नाम इस इलाके से चर्चा में है। आदिवासी संगठनों में इनकी अच्छी खासी पैठ मानी जाती है। इस बार भाजपा आदिवासी आरक्षण के मुद्दे के साथ चुनावी मैदान में है। बताया जा रहा है कि इससे पार्टी को फायदा हो सकता है।

कांग्रेस में अभी नहीं हुआ ऐलान
कांग्रेस पार्टी ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उप चुनाव में उम्मीदवार तय करने के लिए सोमवार को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में दो नामों का पैनल हाईकमान को भेजा गया था। सीएम भूपेश बघेल ने बताया कि नाम पर आलाकमान की अंतिम मुहर लगते ही प्रत्याशी की घोषणा हो जाएंगी। चुनाव समिति की पिछली बैठक में 14 दावेदारों के नाम सामने आए थे। बताया जा रहा है कि स्वर्गीय विधायक मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी का नाम टिकिट के लिए तय माना जा रहा है।

सबसे मजबूत दावेदार
प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद नामों का पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया है। इसमें सावित्री मंडावी और बीरेश ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदारों में शामिल है। इससे पहले जो सर्वे हुआ है उसमें सावित्री मंडावी का दावा मजबूत बताया जा रहा है। सावित्री मंडावी दिवंगत विधायक मनोज मंडावी की पत्नी है। उन्होंने सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए पहले ही आवेदन दे दिया है। वहीं, बीरेश ठाकुर 2019 में कांकेर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रह चुके है।

भानुप्रतापपुर से कांग्रेस विधायक मनोज कुमार मंडावी का 16 अक्टूबर 2022 की सुबह दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उसके बाद इस सीट को रिक्त घोषित कर दिया गया। निर्वाचन आयोग ने चुनाव की अधिसूचना 10 नवंबर को जारी कर दिया था। नया विधायक चुनने के लिए 05 दिसंबर को मतदान होगा और 08 दिसंबर को मतगणना होगी।

उपचुनाव में जीत को बरकरार ऱखना चाहेगी कांग्रेस
जानकारी के मुताबिक, साल 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में हर साल उप चुनाव हुए हैं। दंतेवाड़ा, चित्रकोट, मरवाही, खैरागढ़ में सत्ताधारी कांग्रेस के उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज की है। पिछले चार चुनाव में एकमात्र चित्रकोट सीट ही 2018 के आम चुनाव में कांग्रेस के खाते में थी। इसका मतलब है कि इन चुनावों में कांग्रेस का स्ट्राइक रेट 100 प्रतिशत था। इस कार्यकाल में यह विधानसभा का पांचवा उपचुनाव होगा। जिसमें कांग्रेस अपनी जीत बरकरार रखने के लिए चुनावी मैदान में उतर रही है।

चुनाव का शेड्यूल
भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 10 नवंबर से 17 नवंबर तक होगी। उसके बाद नामांकन की जांच 18 नवंबर की जाएंगी। नाम वापसी का मौका 21 नवंबर तक रहेगा। मतदान 05 दिसंबर और मतगणना 08 दिसंबर को होगी साथ ही उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित होगा।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft