Saturday ,October 19, 2024
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में उपचुनाव, कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला, ओम माथुर बोले- अब यहां BJP की परमानेंट सत्ता आएगी...

छत्तीसगढ़ में उपचुनाव, कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला, ओम माथुर बोले- अब यहां BJP की परमानेंट सत्ता आएगी

 Newsbaji  |  Nov 22, 2022 11:26 AM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:19 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव के संचालन के समिति का गठित कर दी है। कांकेर की प्रभारी मंत्री अनिला भेड़िया सहित तीन मंत्रियों, तीन विधायकों और दो सांसदों सहित 19 नेताओं को इसमें शामिल किया है। संचालन समिति में गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और आबकारी मंत्री कवासी लखमा को भी बड़ी भूमिका दी गई है। इससे पहले कांग्रेस अपने 43 विधायकों सहित करीब 70 नेताओं को सेक्टर प्रभारी बनाकर चुनावी मैदान में तैनात कर चुकी है। वहीं भाजपा ने भी अपनी कमर कस ली है।

भानुप्रतापुर चुनाव के लिए प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री अमरजीत चावला ने सोमवार को चुनाव संचालन समिति की घोषणा कर दी है। इसमें तीन मंत्रियों के अलावा बस्तर सांसद दीपक बैज और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम को रखा गया है। उनके अलावा बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल, कांकेर विधायक शिशुपाल शोरी और अंतागढ़ विधायक अनूप नाग को भी चुनाव संचालन समिति में शामिल किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन समेत प्रदेश महामंत्री रवि घोष को भी समिति का सदस्य बनाया है।

गढ़ बचाने की चुनौती
कांग्रेस पार्टी के नेताओं का कहना है कि भानुप्रतापपुर उनका गढ़ है और इस चुनाव में उनके प्रत्याशी की जीत तय है। इसके बाद भी संगठन पूरी ताकत से मुकाबले में उतर रही है। पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर अलग-अलग विधायकों और वरिष्ठ क्षेत्रीय नेताओं को उसका प्रभारी बनाया गया है। भानुप्रतापपुर में विधायक सत्यनारायण शर्मा, धनेंद्र साहू, देवती कर्मा, कुंवर सिंह निषाद, अंबिका सिंहदेव, विकास उपाध्याय और आशीष छाबड़ा जैसे नेताओं को सेक्टर प्रभारी बनाया गया है। वहीं चारामा में अधिकतर आदिवासी और ओबीसी विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर ने प्रदेश की चुनावी चुनौतियों को लेकर कहा- भाजपा हर चुनाव को चुनौती मानकर चलती है, चाहे छोटा चुनाव हो या बड़ा। मेरे सामने ऐसे बहुत सी चुनौतियां आई हैं, साल 2016 में उत्तर प्रदेश को मैंने देखा था। मैं छत्तीसगढ़ को कोई चुनौती नहीं मानता हूं। आने वाला समय छत्तीसगढ़ में भाजपा का होगा।

मुकाबला कांग्रेस-भाजपा के बीच
भानुप्रतापुर विधानसभा का उपचुनाव कांग्रेस विधायक मनोज मंडावी के निधन की वजह से हो रहा है। 16 अक्टूबर की सुबह दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया था। कांग्रेस ने मनोज मंडावी की पत्नी सावित्री मंडावी को मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने एक बार पहले भी विधायक रह चुके ब्रह्मानंद नेताम पर दांव लगाया है। बताया जा रहा कि इस चुनाव का प्रमुख मुकाबला इन्हीं दोनों के बीच होना है। वैसे इस उपचुनाव में पांच और प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत अजमा रहे है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft