Sunday ,October 20, 2024
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बोले- राज्य सरकार को बदल दो, तो नक्सलवाद चुटकियों में खत्म हो जाएगा...

छत्तीसगढ़ में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बोले- राज्य सरकार को बदल दो, तो नक्सलवाद चुटकियों में खत्म हो जाएगा

 Newsbaji  |  Aug 27, 2022 07:15 PM  | 
Last Updated : Jan 06, 2023 10:19 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक वादा किया है, उन्होंने मंच से भरी सभा में लोगों से कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बदल दो, चुटकियों में नक्सलवाद खत्म हो जाएगा। दरअसल, अमित शाह मोदी@20 किताब पर बात करने रायपुर पहुंचे थे। शहर के साइंस कॉलेज स्थित दीनदयाल ऑडिटोरियम में समाज के अलग-अलग प्रबुद्धजनों को बुलाकर इस किताब पर परिचर्चा का आयोजन भाजपा की तरफ से किया गया था। इसके अलावा नया रायपुर स्थित राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया।

NIA के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन हुआ।

परिचर्चा के कार्यक्रम में मंच से अमित शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और उनके कामकाजों को गिनवाया। उन्होंने कहा कि, देश में वामपंथ उग्रवाद चरम पर रहा है। मैं छत्तीसगढ़ में हूं आपको बता दूं कि जब से देश में केंद्र में मोदी सरकार आई है। वामपंथ उग्रवाद की संख्याओं की घटनाओं में लगातार कमी आई है। यह काफी कम हुआ है, मैं आपको कहना चाहता हूं कि आप छत्तीसगढ़ में सरकार बदल दो, नक्सलवाद चुटकियों में खत्म हो जाएगा।

सोनिया गांधी पर साधा निशाना
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपने मंच से संबोधन में कहा कि साल 2000 तक देश में मनमोहन सिंह की सरकार थी। मगर इसे चलाती सोनिया गांधी थीं, देश में परिवारवाद हावी था, पिता के बाद बेटा आता था, चाहे बेटा कैसा भी हो उस जगह पर तो दामाद भी लाइन लगाए हुए थे। उन्होंने कहा कि अपने दल की तारीफ करते हुए कहा कि, एक ऐसा दल था, जिसने परिवारवाद को महत्व बिल्कुल नहीं दिया। जब लोग निराश हो चुके थे कि देश में यह कैसी व्यवस्था है, इससे देश किस तरह आगे बढ़ पाएगा, तब भाजपा ने नरेंद्र मोदी को अपना प्रधानमंत्री प्रत्याशी घोषित किया। जब सरकार बनी तो नरेंद्र मोदी ने पॉलिटिक्स फॉर परफॉर्मेंस पर जोर दिया।

मोदी जी का गरीब परिवार से संबंध
अमित शाह ने यह भी कहा कि देश में इससे पहले बहुत सी सरकारें रहीं है। बहुत से लोगों ने गरीबी हटाओ का नारा दिया। गरीबों के घर जाकर खाना भी खाया, मगर गरीबी नहीं हटी, एक चाय वाले के घर में जन्मे नरेंद्र मोदी ने गरीबों का दुख काफी नजदीकी से देखा था। उन्होंने इसे अनुभव किया था, इस वजह से उन्होंने देश के गरीबों के हालात तेजी से बदल रहे है।

पीएम मोदी को खिचड़ी-छाछ पसंद
इसके अलावा पीएम मोदी के निजी जीवन पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, आप सभी मंचों पर नरेंद्र मोदी का जीवन देखते हैं, असल में वह बेहद सादगी पूर्वक जीते हैं। आप कभी उनके घर खाने पर बिना बताए चले जाइए, मोदी आपको खिचड़ी खाते और छाछ पीते मिल जाएंगे। आलू की सब्जी भी उनकी थाली में बहुत मुश्किल से नजर आती है।
बता दे कि इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी डी.पुरंदेश्वरी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, सांसद सुनील सोनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft